Pular para o conteúdo
Publicidade

2 तीमुथियुस 4

वचन का प्रचार कर

1 मैं परमेश्‍वर और मसीह यीशु4:1 कुछ हस्तलेखों में "मसीह यीशु" के स्थान पर "प्रभु यीशु मसीह" लिखा है। को, जो जीवितों और मृतकों का न्याय करेगा, साक्षी मानकर और मसीह के प्रकट होने और उसके राज्य की सुधि दिलाकर तुझे दृढ़तापूर्वक आदेश देता हूँ : 2 वचन का प्रचार कर, समय-असमय तैयार रह, बड़े धैर्य से शिक्षा देते हुए समझा, डाँट और प्रोत्साहित कर।

3 क्योंकि ऐसा समय आएगा जब लोग खरी शिक्षा को सहन नहीं करेंगे बल्कि अपने कानों की खुजलाहट के कारण और अपनी अभिलाषाओं के अनुसार अपने लिए गुरु बटोर लेंगे। 4 वे अपने कान सत्य से फेरकर कल्पित कथाओं पर लगाएँगे।

5 परंतु तू सब बातों में संयमी रह, दुःख उठा, सुसमाचार प्रचार का कार्य कर और अपनी सेवा पूरी कर।

6 क्योंकि मैं अब अर्घ के समान उंडेला जाता हूँ; मेरे जाने का समय आ पहुँचा है। 7 मैं अच्छी कुश्ती लड़ चुका हूँ, मैंने अपनी दौड़ पूरी कर ली है, मैंने विश्‍वास की रखवाली की है। 8 भविष्य में मेरे लिए धार्मिकता का मुकुट रखा हुआ है जिसे प्रभु, जो धार्मिकता से न्याय करनेवाला है, मुझे उस दिन देगा और केवल मुझे ही नहीं बल्कि उन सब को भी जो उसके प्रकट होने को प्रिय समझते हैं।

अंतिम निर्देश

9 मेरे पास शीघ्र आने का प्रयत्‍न कर, 10 क्योंकि देमास ने इस संसार को प्रिय समझकर मुझे छोड़ दिया और थिस्सलुनीके को चला गया है। क्रेसकेंस गलातिया को और तीतुस दलमतिया को चला गया है। 11 केवल लूका मेरे साथ है। मरकुस को अपने साथ लेते आना, क्योंकि सेवाकार्य में वह मेरे लिए उपयोगी है। 12 मैंने तुखिकुस को इफिसुस भेजा है। 13 जब तू आए तो जिस चोगे को मैं त्रोआस में करपुस के यहाँ छोड़ आया था, उसे और साथ ही पुस्तकों, विशेषकर चर्म-पत्रों को भी लेते आना। 14 सिकंदर ताम्रकार ने मेरे साथ बहुत बुरा किया है, प्रभु उसे उसके कार्यों के अनुसार बदला देगा। 15 तू भी उससे सावधान रह, क्योंकि उसने हमारे उपदेशों का कड़ा विरोध किया है।

16 अपने बचाव की पहली सुनवाई में, किसी ने मेरा साथ नहीं दिया बल्कि सब ने मुझे छोड़ दिया था। प्रभु करे कि उन्हें इसका लेखा देना न पड़े! 17 परंतु प्रभु मेरे साथ खड़ा हुआ और उसने मुझे सामर्थ्य दिया कि मेरे द्वारा प्रचार का कार्य पूर्ण रूप से हो और सब जातियाँ सुनें। मैं तो सिंह के मुँह से छुड़ाया गया। 18 प्रभु मुझे हर बुरे कार्य से बचाएगा और अपने स्वर्गीय राज्य में सुरक्षित पहुँचाएगा। उसकी महिमा युगानुयुग होती रहे। आमीन।

आशिष वचन

19 प्रिस्का और अक्‍विला तथा उनेसिफुरुस के घराने को नमस्कार। 20 इरास्तुस कुरिंथुस में रह गया, और मैं त्रुफिमुस को मीलेतुस में बीमार छोड़ आया हूँ।

21 शीतकाल से पहले आने का प्रयत्‍न कर। यूबूलुस, पूदेंस, लीनुस, क्लौदिया और सब भाई तुझे नमस्कार कहते हैं।

22 प्रभु4:22 कुछ हस्तलेखों में यहाँ "यीशु मसीह" लिखा है। तेरी आत्मा के साथ रहे। तुम पर अनुग्रह होता रहे। आमीन।4:22 कुछ हस्तलेखों में "आमीन" नहीं है।

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.

2 Timóteo
Ver todos os capítulos de 2 Timóteo