43 और एक स्त्री ने जिसको बारह वर्ष से लहू बहने का रोग था, और जो अपनी सारी जीविका वैद्यों के पीछे व्यय कर चुकी थी और फिर भी किसी के हाथ से चंगी न हो सकी थी, 44 पीछे से आकर उसके वस्त्र के आँचल को छुआ, और तुरन्त उसका लहू बहना थम गया। 45 इस पर यीशु ने कहा, "मुझे किसने छुआ?" जब सब मुकरने लगे, तो पतरस और उसके साथियों ने कहा, "हे स्वामी, तुझे तो भीड़ दबा रही है और तुझ पर गिरी पड़ती है।" 46 परन्तु यीशु ने कहा, "किसी ने मुझे छुआ है क्योंकि मैंने जान लिया है कि मुझ में से सामर्थ्य निकली है।" 47 जब स्त्री ने देखा, कि मैं छिप नहीं सकती, तब काँपती हुई आई, और उसके पाँवों पर गिरकर सब लोगों के सामने बताया, कि मैंने किस कारण से तुझे छुआ, और कैसे तुरन्त चंगी हो गई। 48 उसने उससे कहा, "पुत्री तेरे विश्वास ने तुझे चंगा किया है, कुशल से चली जा।"