यीशु की हत्या का षड्यंत्र
1 जब यीशु ये सब बातें कह चुका, तो अपने चेलों से कहने लगा। 2 "तुम जानते हो, कि दो दिन के बाद फसह26:2 फसह: फसह का पर्व यहूदियों के बीच मिस्र की दासता से उनकी मुक्ति की स्मृति बनाए रखने के लिए मनाया गया था, और उस रात में उनके पहलौठे जन्मे की सुरक्षा के लिये जब मिस्र के पहलौठे को नाश किया गया था, (निर्गमन. 12) का पर्व होगा; और मनुष्य का पुत्र क्रूस पर चढ़ाए जाने के लिये पकड़वाया जाएगा।"
3 तब प्रधान याजक और प्रजा के पुरनिए कैफा नामक महायाजक के आँगन में इकट्ठे हुए। 4 और आपस में विचार करने लगे कि यीशु को छल से पकड़कर मार डालें। 5 परन्तु वे कहते थे, "पर्व के समय नहीं; कहीं ऐसा न हो कि लोगों में दंगा मच जाए।"
यीशु पर बहुमूल्य इत्र का छिड़काव
6 जब यीशु बैतनिय्याह में शमौन कोढ़ी के घर में था। 7 तो एक स्त्री26:7 एक स्त्री: यह स्त्री लाज़र और मार्था की बहन, मरियम थी (यूह. 12:3) संगमरमर के पात्र में बहुमूल्य इत्र लेकर उसके पास आई, और जब वह भोजन करने बैठा था, तो उसके सिर पर उण्डेल दिया। 8 यह देखकर, उसके चेले झुँझला उठे और कहने लगे, "इसका क्यों सत्यानाश किया गया? 9 यह तो अच्छे दाम पर बेचकर गरीबों को बाँटा जा सकता था।" 10 यह जानकर यीशु ने उनसे कहा, "स्त्री को क्यों सताते हो? उसने मेरे साथ भलाई की है। 11 गरीब तुम्हारे साथ सदा रहते हैं, परन्तु मैं तुम्हारे साथ सदैव न रहूँगा। 12 उसने मेरी देह पर जो यह इत्र उण्डेला है, वह मेरे गाड़े जाने के लिये किया है। 13 मैं तुम से सच कहता हूँ, कि सारे जगत में जहाँ कहीं यह सुसमाचार प्रचार किया जाएगा, वहाँ उसके इस काम का वर्णन भी उसके स्मरण में किया जाएगा।"
यहूदा इस्करियोती का विश्वासघात
14 तब यहूदा इस्करियोती ने, जो बारह चेलों में से एक था, प्रधान याजकों के पास जाकर कहा, 15 "यदि मैं उसे तुम्हारे हाथ पकड़वा दूँ, तो मुझे क्या दोगे?" उन्होंने उसे तीस चाँदी के सिक्के तौलकर दे दिए। 16 और वह उसी समय से उसे पकड़वाने का अवसर ढूँढ़ने लगा।
चेलों के साथ फसह का अन्तिम भोज
17 अख़मीरी रोटी के पर्व के पहले दिन, चेले यीशु के पास आकर पूछने लगे, "तू कहाँ चाहता है कि हम तेरे लिये फसह खाने की तैयारी करें?" 18 उसने कहा, "नगर में फलाने के पास जाकर उससे कहो, कि गुरु कहता है, कि मेरा समय निकट है, मैं अपने चेलों के साथ तेरे यहाँ फसह मनाऊँगा।" 19 अतः चेलों ने यीशु की आज्ञा मानी, और फसह तैयार किया।
20 जब साँझ हुई, तो वह बारह चेलों के साथ भोजन करने के लिये बैठा। 21 जब वे खा रहे थे, तो उसने कहा, "मैं तुम से सच कहता हूँ, कि तुम में से एक मुझे पकड़वाएगा।" 22 इस पर वे बहुत उदास हुए, और हर एक उससे पूछने लगा, "हे गुरु, क्या वह मैं हूँ?" 23 उसने उत्तर दिया, "जिसने मेरे साथ थाली में हाथ डाला है, वही मुझे पकड़वाएगा। 24 मनुष्य का पुत्र तो जैसा उसके विषय में लिखा है, जाता ही है; परन्तु उस मनुष्य के लिये शोक है जिसके द्वारा मनुष्य का पुत्र पकड़वाया जाता है: यदि उस मनुष्य का जन्म न होता, तो उसके लिये भला होता।" 25 तब उसके पकड़वानेवाले यहूदा ने कहा, "हे रब्बी, क्या वह मैं हूँ?" उसने उससे कहा, "तू कह चुका।"
प्रभु भोज
26 जब वे खा रहे थे, तो यीशु ने रोटी ली, और आशीष माँगकर तोड़ी, और चेलों को देकर कहा, "लो, खाओ; यह मेरी देह है।" 27 फिर उसने कटोरा लेकर धन्यवाद किया, और उन्हें देकर कहा, "तुम सब इसमें से पीओ, 28 क्योंकि यह वाचा का मेरा वह लहू है, जो बहुतों के लिये पापों की क्षमा के लिए बहाया जाता है।