Pular para o conteúdo
Publicidade

नहूम 1

1 नीनवेह नगर से संबंधित भविष्यवाणी. एलकोशवासी नहूम के दर्शन की पुस्तक.

परमेश्वर का नीनवेह नगर के विरुद्ध क्रोध

2 याहवेह जलन रखनेवाले और बदला लेनेवाले परमेश्वर हैं;

याहवेह बदला लेनेवाले तथा बहुत क्रोधी हैं.

याहवेह अपने शत्रुओं से बदला लेते हैं

और अपना कोप अपने शत्रुओं पर प्रगट करते हैं.

3 याहवेह क्रोध करने में धीमा पर बड़े सामर्थ्यी हैं;

याहवेह दुष्टों को दंड देने में पीछे न हटेंगे.

उनका मार्ग बवंडर और आंधी में से होकर जाता है,

और बादल उनके पैरों की धूल है.

4 वे समुद्र को फटकारते और उसे सूखा देते हैं;

वे सब नदियों को सूखा देते हैं.

बाशान और कर्मेल कुम्हला जाते

और लबानोन के फूल मुरझा जाते हैं.

5 उनके सामने पर्वत कांप उठते हैं

और पहाड़ियां पिघल जाती हैं.

उनकी उपस्थिति में पृथ्वी,

सारा संसार और उसमें रहनेवाले कांप उठते हैं.

6 उनके क्रोध का सामना कौन कर सकता है?

उनके भयंकर क्रोध को कौन सह सकता है?

उनका कोप आग की तरह भड़कता है;

उनके सामने चट्टानें चूर-चूर हो जाती हैं.

7 याहवेह भले हैं,

और संकट के समय दृढ़ गढ़ ठहरते हैं.

वे उनका ध्यान रखते हैं जो उन पर भरोसा रखते हैं,

8 पर वे भयंकर बाढ़ के द्वारा

नीनवेह नगर को नष्ट कर देंगे;

वे अपने शत्रुओं को अंधकार में खदेड़ देंगे.

9 याहवेह अपने विरुद्ध किए गए उनके षड़्‍यंत्र का

अंत कर देंगे;

संकट दूसरी बार नहीं आएगा.

10 वे कंटीली झाड़ियों में उलझेंगे,

दाखमधु पीकर मतवाले होंगे;

उनको उपज के सूखी खूंटी के समान जलाकर नष्ट किया जाएगा.

11 हे नीनवेह, तुमसे ही एक निकला है

जो याहवेह के विरुद्ध षड़्‍यंत्र करता है,

और दुष्ट योजना बनाता है.

12 याहवेह का यह कहना है:

"यद्यपि उनके साथ उनको मदद करनेवाले हैं और वे असंख्य हैं,

पर वे नष्ट किए जाएंगे और वे मिट जाएंगे.

हे यहूदाह, यद्यपि मैंने तुम्हें पीड़ा पहुंचाई है,

पर अब मैं तुम्हें पीड़ा न पहुंचाऊंगा.

13 अब मैं तुम्हारी गर्दन पर रखे उनके जूए को तोड़ डालूंगा

और तुम्हारी बेड़ियों को तोड़ डालूंगा."

14 हे नीनवेह, याहवेह ने तुम्हारे बारे में एक आज्ञा दी है:

"तुम्हारा वंश चलाने के लिये तुम्हारी कोई संतान न होगी.

मैं तुम्हारे देवताओं के मंदिर में रखी

तुम्हारी पूजने की वस्तु और मूर्तियों को नष्ट कर डालूंगा.

मैं तुम्हारी कब्र खोदूंगा,

क्योंकि तुम दुष्ट हो."

15 पर्वतों की ओर दृष्टि करके,

उसके पांवों को देखो, जो शुभ संदेश लेकर आता है,

जो शांति की घोषणा करता है!

हे यहूदाह, अपने त्योहारों को मनाओ,

और अपनी मन्‍नत्तों को पूरी करो.

क्योंकि दुष्ट लोग अब तुम पर कभी आक्रमण नहीं करेंगे;

वे पूरी तरह नाश किए जाएंगे.

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.

Naum
Ver todos os capítulos de Naum