तोमा शक करता है
24 बारह शागिर्दों में से तोमा जिसका लक़ब जुड़वाँ था ईसा के आने पर मौजूद न था। 25 चुनाँचे दूसरे शागिर्दों ने उसे बताया, "हमने ख़ुदावंद को देखा है!" लेकिन तोमा ने कहा, "मुझे यक़ीन नहीं आता। पहले मुझे उसके हाथों में कीलों के निशान नज़र आएँ और मैं उनमें अपनी उँगली डालूँ, पहले मैं अपने हाथ को उसके पहलू के ज़ख़म में डालूँ। फिर ही मुझे यक़ीन आएगा।"
26 एक हफ़ता गुज़र गया। शागिर्द दुबारा मकान में जमा थे। इस मरतबा तोमा भी साथ था। अगरचे दरवाज़ों पर ताले लगे थे फिर भी ईसा उनके दरमियान आकर खड़ा हुआ। उसने कहा, "तुम्हारी सलामती हो!" 27 फिर वह तोमा से मुख़ातिब हुआ, "अपनी उँगली को मेरे हाथों और अपने हाथ को मेरे पहलू के ज़ख़म में डाल और बेएतक़ाद न हो बल्कि ईमान रख।"
28 तोमा ने जवाब में उससे कहा, "ऐ मेरे ख़ुदावंद! ऐ मेरे ख़ुदा!"
29 फिर ईसा ने उसे बताया, "क्या तू इसलिए ईमान लाया है कि तूने मुझे देखा है? मुबारक हैं वह जो मुझे देखे बग़ैर मुझ पर ईमान लाते हैं।"
Domínio Público. Esta tradução bíblica de domínio público é trazida a você por cortesia de eBible.org.