12 तो इसराईली दुबारा वह कुछ करने लगे जो रब की नज़र में बुरा था। इसलिए उसने मोआब के बादशाह इजलून को इसराईल पर ग़ालिब आने दिया। 13 इजलून ने अम्मोनियों और अमालीक़ियों के साथ मिलकर इसराईलियों से जंग की और उन्हें शिकस्त दी। उसने खजूरों के शहर पर क़ब्ज़ा किया, 14 और इसराईल 18 साल तक उस की ग़ुलामी में रहा।
अहूद क़ाज़ी की चालाकी
15 इसराईलियों ने दुबारा मदद के लिए रब को पुकारा, और दुबारा उसने उन्हें नजातदहिंदा अता किया यानी बिनयमीन के क़बीले का अहूद बिन जीरा जो बाएँ हाथ से काम करने का आदी था। इसी शख़्स को इसराईलियों ने इजलून बादशाह के पास भेज दिया ताकि वह उसे ख़राज के पैसे अदा करे। 16 अहूद ने अपने लिए एक दोधारी तलवार बना ली जो तक़रीबन डेढ़ फ़ुट लंबी थी। जाते वक़्त उसने उसे अपनी कमर के दाईं तरफ़ बाँधकर अपने लिबास में छुपा लिया। 17 जब वह इजलून के दरबार में पहुँच गया तो उसने मोआब के बादशाह को ख़राज पेश किया। इजलून बहुत मोटा आदमी था। 18 फिर अहूद ने उन आदमियों को रुख़सत कर दिया जिन्होंने उसके साथ ख़राज उठाकर उसे दरबार तक पहुँचाया था। 19,20 अहूद भी वहाँ से रवाना हुआ, लेकिन जिलजाल के बुतों के क़रीब वह मुड़कर इजलून के पास वापस गया।
इजलून बालाख़ाने में बैठा था जो ज़्यादा ठंडा था और उसके ज़ाती इस्तेमाल के लिए मख़सूस था। अहूद ने अंदर जाकर बादशाह से कहा, "मेरी आपके लिए ख़ुफ़िया ख़बर है।" बादशाह ने कहा, "ख़ामोश!" बाक़ी तमाम हाज़िरीन कमरे से चले गए तो अहूद ने कहा, "जो ख़बर मेरे पास आपके लिए है वह अल्लाह की तरफ़ से है!" यह सुनकर इजलून खड़ा होने लगा, 21 लेकिन अहूद ने उसी लमहे अपने बाएँ हाथ से कमर के दाईं तरफ़ बँधी हुई तलवार को पकड़कर उसे मियान से निकाला और इजलून के पेट में धँसा दिया। 22 तलवार इतनी धँस गई कि उसका दस्ता भी चरबी में ग़ायब हो गया और उस की नोक टाँगों में से निकली। तलवार को उसमें छोड़कर 23 अहूद ने कमरे के दरवाज़ों को बंद करके कुंडी लगाई और साथवाले कमरे में से निकलकर चला गया।
24 थोड़ी देर के बाद बादशाह के नौकरों ने आकर देखा कि दरवाज़ों पर कुंडी लगी है। उन्होंने एक दूसरे से कहा, "वह हाजत रफ़ा कर रहे होंगे," 25 इसलिए कुछ देर के लिए ठहरे। लेकिन दरवाज़ा न खुला। इंतज़ार करते करते वह थक गए, लेकिन बेसूद, बादशाह ने दरवाज़ा न खोला। आख़िरकार उन्होंने चाबी ढूँडकर दरवाज़ों को खोल दिया और देखा कि मालिक की लाश फ़र्श पर पड़ी हुई है।
26 नौकरों के झिजकने की वजह से अहूद बच निकला और जिलजाल के बुतों से गुज़रकर सईरा पहुँच गया जहाँ वह महफ़ूज़ था। 27 वहाँ इफ़राईम के पहाड़ी इलाक़े में उसने नरसिंगा फूँक दिया ताकि इसराईली लड़ने के लिए जमा हो जाएँ। वह इकट्ठे हुए और उस की राहनुमाई में वादीए-यरदन में उतर गए। 28 अहूद बोला, "मेरे पीछे हो लें, क्योंकि अल्लाह ने आपके दुश्मन मोआब को आपके हवाले कर दिया है।" चुनाँचे वह उसके पीछे पीछे वादी में उतर गए। पहले उन्होंने दरियाए-यरदन के कम-गहरे मक़ामों पर क़ब्ज़ा करके किसी को दरिया पार करने न दिया। 29 उस वक़्त उन्होंने मोआब के 10,000 ताक़तवर और जंग करने के क़ाबिल आदमियों को मार डाला। एक भी न बचा।
30 उस दिन इसराईल ने मोआब को ज़ेर कर दिया, और 80 साल तक मुल्क में अमनो-अमान क़ायम रहा।
Domínio Público. Esta tradução bíblica de domínio público é trazida a você por cortesia de eBible.org.