ईसा एक गरासीनी आदमी से बदरूहें निकाल देता है
1 फिर वह झील के पार गरासा के इलाक़े में पहुँचे। 2 जब ईसा कश्ती से उतरा तो एक आदमी जो नापाक रूह की गिरिफ़्त में था क़ब्रों में से निकलकर ईसा को मिला। 3 यह आदमी क़ब्रों में रहता और इस नौबत तक पहुँच गया था कि कोई भी उसे बाँध न सकता था, चाहे उसे ज़ंजीरों से भी बाँधा जाता। 4 उसे बहुत दफ़ा बेड़ियों और ज़ंजीरों से बाँधा गया था, लेकिन जब भी ऐसा हुआ तो उसने ज़ंजीरों को तोड़कर बेड़ियों को टुकड़े टुकड़े कर दिया था। कोई भी उसे कंट्रोल नहीं कर सकता था। 5 दिन-रात वह चीख़ें मार मारकर क़ब्रों और पहाड़ी इलाक़े में घुमता-फिरता और अपने आपको पत्थरों से ज़ख़मी कर लेता था।
6 ईसा को दूर से देखकर वह दौड़ा और उसके सामने मुँह के बल गिरा। 7 वह ज़ोर से चीख़ा, "ऐ ईसा अल्लाह तआला के फ़रज़ंद, मेरा आपके साथ क्या वास्ता है? अल्लाह के नाम में आपको क़सम देता हूँ कि मुझे अज़ाब में न डालें।" 8 क्योंकि ईसा ने उसे कहा था, "ऐ नापाक रूह, आदमी में से निकल जा!"
9 फिर ईसा ने पूछा, "तेरा नाम क्या है?"
उसने जवाब दिया, "लशकर, क्योंकि हम बहुत-से हैं।" 10 और वह बार बार मिन्नत करता रहा कि ईसा उन्हें इस इलाक़े से न निकाले।
11 उस वक़्त क़रीब की पहाड़ी पर सुअरों का बड़ा ग़ोल चर रहा था। 12 बदरूहों ने ईसा से इलतमास की, "हमें सुअरों में भेज दें, हमें उनमें दाख़िल होने दें।" 13 उसने उन्हें इजाज़त दी तो बदरूहें उस आदमी में से निकलकर सुअरों में जा घुसीं। इस पर पूरे ग़ोल के तक़रीबन 2,000 सुअर भाग भागकर पहाड़ी की ढलान पर से उतरे और झील में झपटकर डूब मरे।
14 यह देखकर सुअरों के गल्लाबान भाग गए। उन्होंने शहर और देहात में इस बात का चर्चा किया तो लोग यह मालूम करने के लिए कि क्या हुआ है अपनी जगहों से निकलकर ईसा के पास आए।
Domínio Público. Esta tradução bíblica de domínio público é trazida a você por cortesia de eBible.org.