अंजीर के दरख़्त पर लानत
18 अगले दिन सुबह-सवेरे जब वह यरूशलम लौट रहा था तो ईसा को भूक लगी। 19 रास्ते के क़रीब अंजीर का एक दरख़्त देखकर वह उसके पास गया। लेकिन जब वह वहाँ पहुँचा तो देखा कि फल नहीं लगा बल्कि सिर्फ़ पत्ते ही पत्ते हैं। इस पर उसने दरख़्त से कहा, "अब से कभी भी तुझमें फल न लगे!" दरख़्त फ़ौरन सूख गया।
20 यह देखकर शागिर्द हैरान हुए और कहा, "अंजीर का दरख़्त इतनी जल्दी से किस तरह सूख गया?"
21 ईसा ने जवाब दिया, "मैं तुमको सच बताता हूँ, अगर तुम शक न करो बल्कि ईमान रखो तो फिर तुम न सिर्फ़ ऐसा काम कर सकोगे बल्कि इससे भी बड़ा। तुम इस पहाड़ से कहोगे, ‘उठ, अपने आपको समुंदर में गिरा दे’ तो यह हो जाएगा। 22 अगर तुम ईमान रखो तो जो कुछ भी तुम दुआ में माँगोगे वह तुमको मिल जाएगा।"
Domínio Público. Esta tradução bíblica de domínio público é trazida a você por cortesia de eBible.org.