अंतिम दिनों के विषय में चेतावनी
1 यह जान ले कि अंतिम दिनों में कठिन समय आएँगे; 2 क्योंकि मनुष्य स्वार्थी, लोभी, डींग मारनेवाले, अहंकारी, निंदक, माता-पिता की आज्ञा न माननेवाले, अकृतज्ञ, अपवित्र, 3 प्रेम-रहित, क्षमारहित, दोष लगानेवाले, असंयमी, क्रूर, भलाई से घृणा करनेवाले, 4 विश्वासघाती, ढीठ, अभिमानी और परमेश्वर से प्रेम करने की अपेक्षा सुख-विलास से प्रेम करनेवाले होंगे। 5 वे भक्ति का वेश तो धारण करेंगे परंतु उसकी शक्ति को नहीं मानेंगे; ऐसे लोगों से दूर रह।