पशु पर सवार स्त्री
1 जिन सात स्वर्गदूतों के पास सात कटोरे थे, उनमें से एक मेरे पास आया, और मुझसे कहा, "आ, मैं तुझे उस बड़ी वेश्या का दंड दिखाऊँगा जो बहुत से जल के ऊपर बैठी है, 2 जिसके साथ पृथ्वी के राजाओं ने व्यभिचार किया, और पृथ्वी पर रहनेवाले उसके व्यभिचार की मदिरा से मतवाले हो गए थे।" 3 फिर वह आत्मा में मुझे एक निर्जन स्थान पर ले गया। तब मैंने एक स्त्री को लाल रंग के पशु पर बैठे हुए देखा जो परमेश्वर के निंदा के नामों से भरा हुआ था, और जिसके सात सिर और दस सींग थे। 4 वह स्त्री बैंजनी और गहरे लाल रंग के वस्त्र पहने थी, और सोने, बहुमूल्य पत्थरों और मोतियों से सजी थी। उसके हाथ में सोने का एक कटोरा था, जो घृणित वस्तुओं और उसके व्यभिचार की अशुद्धताओं से भरा हुआ था।