Pular para o conteúdo
Publicidade

Exodus 15

मूसा का गीत

1 तब मूसा और इस्राएलियों ने यहोवा के लिए यह गीत गाया। उन्होंने कहा,

"मैं यहोवा के लिए

गीत गाऊँगा,

क्योंकि वह महाप्रतापी ठहरा है; घोड़ों सहित सवारों को उसने समुद्र में पटक दिया है। 2 याह मेरा बल और मेरा गीत है, और वह मेरा उद्धार भी ठहरा है; वही मेरा परमेश्‍वर है, मैं उसी की स्तुति करूँगा; मेरे पूर्वजों का परमेश्‍वर वही है, मैं उसकी महिमा करूँगा। 3 यहोवा योद्धा है; उसका नाम यहोवा है। 4 उसने फ़िरौन के रथों और उसकी सेना को समुद्र में फेंक दिया; और उसके उत्तम से उत्तम अधिकारी लाल समुद्र में डूब गए। 5 गहरे जल ने उन्हें ढाँप लिया; वे पत्थर के समान गहराइयों में डूब गए। 6 हे यहोवा, तेरा दाहिना हाथ शक्‍तिशाली और महाप्रतापी है; हे यहोवा, तेरा दाहिना हाथ शत्रु को चकनाचूर कर देता है। 7 तू अपने महाप्रताप से अपने विरोधियों को गिरा देता है; तू अपने क्रोध की आग भड़काता है, और वे भूसे के समान भस्म हो जाते हैं। 8 तेरे नथनों की साँस से जल इकट्ठा हो गया, धाराएँ एक स्थान पर थम गईं, और समुद्र के बीचों-बीच गहरा जल जम गया। 9 शत्रु ने कहा, ‘मैं पीछा करूँगा और उन्हें पकड़ लूँगा; मैं लूट के माल को बाँट लूँगा। मेरा मन उनके विनाश से तृप्‍त हो जाएगा। मैं अपनी तलवार खींचूँगा और अपने हाथ से उन्हें नष्‍ट कर दूँगा।’ 10 तूने अपनी साँस की आँधी चलाई, तब समुद्र ने उन्हें ढाँप लिया; वे सीसे के समान अथाह जल में डूब गए। 11 हे यहोवा, देवताओं में तेरे तुल्य कौन है? तेरे जैसा पवित्रता में महाप्रतापी, स्तुति में भययोग्य, और अद्भुत कार्य करनेवाला कौन है? 12 तूने अपना दाहिना हाथ बढ़ाया, और पृथ्वी ने उन्हें निगल लिया। 13 तूने अपने छुड़ाए हुए लोगों की अगुवाई अपनी करुणा से की है; तू अपने सामर्थ्य में उन्हें अपने पवित्र निवासस्थान को ले चला है। 14 यह सुनकर जातियाँ काँप उठेंगी; और पलिश्त के निवासियों को भय जकड़ लेगा। 15 एदोम के मुखिया व्याकुल होंगे; मोआब के शूरवीर थरथरा उठेंगे; कनान के सब निवासी घबरा जाएँगे। 16 हे यहोवा, जब तक तेरे लोग निकल न जाएँ, जब तक तेरे लोग जिन्हें तूने खरीद लिया है पार न निकल जाएँ, तब तक उनमें भय और आतंक समाया रहेगा और तेरे भुजबल से वे पत्थर के समान निर्जीव हो जाएँगे। 17 हे यहोवा, तू उन्हें अपने निज भाग के पर्वत पर लाएगा और उन्हें वहाँ बसाएगा, जिसे तूने अपने निवास अर्थात् पवित्रस्थान के लिए बनाया है, और जिसे हे प्रभु, तेरे हाथों ने स्थिर किया है। 18 यहोवा सदा-सर्वदा राज्य करता रहेगा।"

मरियम का गीत

19 जब फ़िरौन के घोड़े रथों और घुड़सवारों सहित समुद्र के बीच चले गए, तब यहोवा उनके ऊपर समुद्र का जल बहा लाया; परंतु इस्राएली सूखी भूमि पर चलकर समुद्र से निकल गए। 20 तब हारून की बहन मरियम नामक नबिया ने अपने हाथ में डफ लिया, और सब स्‍त्रियाँ डफ लिए नाचती हुई उसके पीछे हो लीं। 21 मरियम उनके साथ यह टेक गाती गई :

"यहोवा के लिए गीत गाओ,

क्योंकि वह महाप्रतापी

ठहरा है;

घोड़ों सहित सवारों को उसने

समुद्र में पटक दिया है।"

खारा पानी

22 तब मूसा इस्राएलियों को लाल समुद्र से आगे ले गया, और वे शूर नामक जंगल में आए। वे तीन दिन तक जंगल में चलते रहे, परंतु उन्हें कहीं पानी न मिला। 23 जब वे मारा नामक स्थान पर पहुँचे तो वहाँ का पानी न पी सके क्योंकि वह खारा था—इसलिए उसका नाम मारा पड़ा। 24 तब लोग मूसा के विरुद्ध कुड़कुड़ाते हुए कहने लगे, "हम क्या पीएँ?" 25 तब उसने यहोवा की दुहाई दी और यहोवा ने उसे एक वृक्ष दिखाया। उसने उसे पानी में डाल दिया और वह पानी मीठा हो गया। वहाँ यहोवा ने उनके लिए एक विधि और नियम ठहराया, और वहीं उसने उनकी परीक्षा ली। 26 उसने कहा, "यदि तुम अपने परमेश्‍वर यहोवा का वचन ध्यान लगाकर सुनो, और जो उसकी दृष्‍टि में सही है वही करो, और उसकी आज्ञाओं पर कान लगाओ, और उसकी सब विधियों को मानो, तो जितने रोग मैंने मिस्रियों पर डाले हैं उनमें से एक भी तुम पर न डालूँगा; क्योंकि मैं यहोवा हूँ जो तुम्हें स्वस्थ करता है।"

27 तब वे एलीम को आए, जहाँ पानी के बारह सोते और खजूर के सत्तर पेड़ थे; और वहाँ उन्होंने पानी के पास डेरे डाले।

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.