Pular para o conteúdo
Publicidade

मत्ती रचित सुसमाचार 28

यीशु का पुनरुत्थान

1 सब्त के दिन के बाद, सप्‍ताह के पहले दिन भोर होते ही मरियम मगदलीनी और दूसरी मरियम कब्र को देखने आईं। 2 और देखो, एक बड़ा भूकंप हुआ। क्योंकि प्रभु का एक दूत स्वर्ग से नीचे उतर आया और पास आकर पत्थर को28:2 कुछ हस्तलेखों में यहाँ "द्वार से" लिखा है। लुढ़का दिया और उस पर बैठ गया। 3 उसका रूप बिजली के समान था और उसका वस्‍त्र हिम के समान श्‍वेत था। 4 उसके भय से पहरेदार काँप उठे और मृतकों के समान हो गए। 5 तब स्वर्गदूत ने स्‍त्रियों से कहा, "डरो मत, मैं जानता हूँ कि तुम यीशु को, जिसे क्रूस पर चढ़ाया गया था, ढूँढ़ रही हो; 6 वह यहाँ नहीं है, क्योंकि जैसा उसने कहा था, वह जी उठा है; आओ! इस स्थान को देखो जहाँ उसे रखा गया था। 7 शीघ्र जाकर उसके शिष्यों को बताओ कि वह मृतकों में से जी उठा है, और देखो, वह तुमसे पहले गलील को जा रहा है, तुम उससे वहीं मिलोगे। देखो, मैंने तुमसे कह दिया है।"

8 तब वे भय और बड़े आनंद के साथ शीघ्र कब्र से लौटीं और उसके शिष्यों को समाचार देने के लिए दौड़ीं। 9 और देखो, यीशु उनसे मिला और कहा,"आनंदित रहो।" उन्होंने पास आकर उसके पैर पकड़ लिए और उसे दंडवत् किया। 10 तब यीशु ने उनसे कहा,"डरो मत! जाओ, मेरे भाइयों को बताओ कि वे गलील को चले जाएँ, वहीं वे मुझे देखेंगे।"

पहरेदारों की सूचना

11 जब वे जा ही रही थीं कि देखो, कुछ पहरेदारों ने नगर में आकर जो कुछ हुआ था वह सब मुख्य याजकों को बता दिया। 12 तब उन्होंने धर्मवृद्धों के साथ इकट्ठे होकर सम्मति की और उन सैनिकों को बहुत से रुपए दिए 13 और कहा, "तुम यह कहना कि रात को जब हम सो रहे थे, तो उसके शिष्यों ने आकर उसे चुरा लिया। 14 और यदि यह बात राज्यपाल तक पहुँचेगी, तो हम उसे समझाकर तुम्हें संकट से बचा लेंगे।" 15 तब उन्होंने रुपए लेकर वैसा ही किया, जैसा उन्हें सिखाया गया था; और यह बात यहूदियों में आज तक प्रचलित है।

अंतिम आज्ञा

16 फिर ग्यारह शिष्य गलील के उस पहाड़ पर गए जहाँ आने के लिए यीशु ने उन्हें कहा था, 17 और उन्होंने उसे देखकर दंडवत् किया, परंतु कुछ लोगों ने संदेह किया। 18 तब यीशु ने उनके पास आकर कहा,"स्वर्ग में और पृथ्वी पर, सारा अधिकार मुझे दिया गया है। 19 इसलिए जाओ, और सब जातियों के लोगों को शिष्य बनाओ, और उन्हें पिता और पुत्र और पवित्र आत्मा के नाम से बपतिस्मा दो, 20 और उन्हें उन सब बातों का पालन करना सिखाओ, जिनकी आज्ञा मैंने तुम्हें दी है; और देखो, मैं जगत के अंत तक सदा तुम्हारे साथ हूँ।"

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.