1 जो कोई शिक्षा से प्रीति रखता है,
वह ज्ञान से प्रीति रखता है;
परंतु जो ताड़ना से घृणा करता है,
वह पशु के समान निर्बुद्धि है।
2 भले मनुष्य पर यहोवा कृपा करता है,
परंतु बुरी युक्ति रचनेवाले को वह दोषी ठहराता है।
3 दुष्टता करने के द्वारा कोई मनुष्य स्थिर नहीं होता,
परंतु धर्मियों की जड़ कभी नहीं उखड़ती।
4 गुणी पत्नी अपने पति का मुकुट है,
परंतु निर्लज्ज पत्नी उसकी हड्डियों की सड़ाहट के समान है।
5 धर्मियों के विचार न्यायसंगत होते हैं,
परंतु दुष्टों की युक्तियाँ कपटपूर्ण होती हैं।
6 दुष्टों के शब्द प्राणघातक होते हैं,
परंतु सीधे लोगों की बातें लोगों की रक्षा करती हैं।
7 दुष्ट उखाड़ फेंके जाते हैं और वे मिट जाते हैं,
परंतु धर्मियों का घराना बना रहता है।
8 मनुष्य अपनी बुद्धि के अनुरूप प्रशंसा पाता है,
परंतु कुटिल मनवाला तुच्छ समझा जाता है।
9 सेवक रखनेवाला छोटा मनुष्य उस बड़ाई मारनेवाले मनुष्य से उत्तम है
जो रोटी के लिए तरसता है।
10 धर्मी अपने पशु के जीवन की भी सुधि लेता है,
परंतु दुष्टों की दया में भी क्रूरता दिखाई देती है।
11 जो अपनी भूमि को जोतेगा,
उसके पास भरपूर भोजन होगा;
परंतु जो व्यर्थ कामों में लगा रहता है,
वह निर्बुद्धि ठहरता है।
12 दुष्ट जन बुरे लोगों की लूट की लालसा करते हैं,
परंतु धर्मियों की जड़ फलवंत होती है।
13 बुरा मनुष्य अपने ही दुर्वचनों के जाल में फँस जाता है,
परंतु धर्मी संकट से बच निकलता है।
14 मनुष्य अपने मुँह से निकले शब्दों12:14 अक्षरशः फल के अनुसार भली वस्तुओं से तृप्त होता है,
और उसे अपने ही हाथों के कार्य का प्रतिफल मिलता है।
15 मूर्ख अपने चाल-चलन को अपनी दृष्टि में ठीक समझता है;
परंतु जो सम्मति पर ध्यान देता है,
वही बुद्धिमान है।
16 मूर्ख की रिस तुरंत प्रकट हो जाती है,
परंतु समझदार व्यक्ति अपमान को छिपा रखता है।
17 सच बोलनेवाला सच्चाई प्रकट करता है,
परंतु झूठा गवाह झूठ बोलता है।
18 बिना सोचे-समझे बोलनेवाले की बातें तलवार के समान चुभती हैं,
परंतु बुद्धिमान की बातें स्वस्थ करती हैं।
19 सच्चाई12:19 अक्षरशः सच्चे होंठ सदा बनी रहेगी,
परंतु झूठ12:19 अक्षरशः झूठी जीभ पल भर का ही होता है।
20 बुरी युक्ति रचनेवालों के मन में छल रहता है,
परंतु मेल की सम्मति देनेवाले आनंदित रहते हैं।
21 धर्मी की कोई हानि नहीं होती,
परंतु दुष्ट लोग विपत्तियों से घिरे रहते हैं।
22 यहोवा को झूठ बोलनेवाले होंठों से घृणा है;
परंतु जो लोग विश्वासयोग्यता से कार्य करते हैं,
उनसे वह प्रसन्न होता है।
23 समझदार मनुष्य ज्ञान को छिपाए रखता है,
परंतु मूर्ख अपने मन की मूर्खता का प्रदर्शन करता है।
24 परिश्रम करनेवाले हाथ प्रभुता करते हैं,
परंतु आलसी हाथों को बेगारी में लगाया जाता है।
25 चिंता से मनुष्य का मन निराश हो जाता है,
परंतु भली बात उसे आनंदित कर देती है।
26 धर्मी अपने मित्र का मार्गदर्शन करता है,
परंतु दुष्टों की चाल उन्हीं को भटका देती है।
27 आलसी के हाथ अहेर नहीं लगता,
परंतु परिश्रमी मनुष्य को अनमोल धन प्राप्त होता है।
28 धार्मिकता के मार्ग में जीवन है,
और उसके पथ में मृत्यु है ही नहीं।