बुद्धि के लाभ
1 हे मेरे पुत्रो, पिता की शिक्षा सुनो,
और समझ प्राप्त करने में मन लगाओ।
2 क्योंकि मैं तुम्हें उत्तम शिक्षा देता हूँ;
मेरी शिक्षा को त्याग न देना।
3 जब मैं अपने पिता के सामने छोटा,
और अपनी माता का अकेला दुलारा था,
4 तब मेरे पिता ने मुझे यह कहकर सिखाया,
"तेरा मन मेरे वचनों पर लगा रहे।
मेरी आज्ञाओं का पालन कर,
तो तू जीवित रहेगा।
5 बुद्धि को प्राप्त कर,
समझ को भी प्राप्त कर;
मेरे मुँह के वचनों को भूल न जाना
और न उनसे विमुख होना।
6 बुद्धि को न त्याग,
वह तेरी रक्षा करेगी;
उससे प्रीति रख,
वह तेरी चौकसी करेगी।