Publicidade

Eclesiastes 3

सब कामों का एक निश्‍चित समय

1 प्रत्येक बात का एक नियुक्‍त समय है। आकाश के नीचे प्रत्येक कार्य का एक समय है :

2 जन्म का समय, और मृत्यु का भी समय;

बोने का समय, और बोए हुए को

उखाड़ने का भी समय;

3 घात करने का समय,

और स्वस्थ करने का भी समय;

गिराने का समय,

और बनाने का भी समय;

4 रोने का समय,

और हँसने का भी समय;

छाती पीटने का समय,

और नाचने का भी समय;

5 पत्थर फेंकने का समय,

और पत्थर बटोरने का भी समय;

गले लगाने का समय,

और गले लगाने से रुकने का भी समय;

6 ढूँढ़ने का समय,

और खो देने का भी समय;

रख लेने का समय,

और फेंक देने का भी समय;

7 फाड़ने का समय, और सीने का भी समय;

चुप रहने का समय,

और बोलने का भी समय;

8 प्रेम करने का समय,

और बैर करने का भी समय;

युद्ध का समय,

और शांति का भी समय।

9 कार्य करनेवाले को अपने परिश्रम से

क्या लाभ होता है?

10 मैंने कार्य के उस बोझ को देखा जो परमेश्‍वर ने मनुष्य के लिए ठहराया है कि वह उसमें उलझा रहे। 11 उसने सब कुछ को ऐसा बनाया है कि वे अपने-अपने समय में सुंदर होते हैं। उसने मनुष्यों के मन में अनंतता का विचार भी रखा है, फिर भी वे उन कार्यों को समझ नहीं सकते जो परमेश्‍वर ने आदि से अंत तक किए हैं। 12 मैंने जान लिया है कि मनुष्यों के लिए आनंद करने और जीवन भर भलाई करने से अच्छा कुछ भी नहीं; 13 और यह भी परमेश्‍वर का दान है कि मनुष्य खाए-पीए और अपने सब परिश्रम में सुखी रहे। 14 मैं जानता हूँ कि परमेश्‍वर जो कुछ करता है वह सदा स्थिर रहता है; उसमें न तो कुछ जोड़ा जा सकता है और न उसमें से कुछ घटाया जा सकता है। परमेश्‍वर ने ऐसा इसलिए किया है कि मनुष्य उसका भय माने। 15 जो कुछ है, वह पहले भी हो चुका है; जो होने वाला है, वह भी हो चुका है; और जो हो चुका है, परमेश्‍वर उसे दोहराता है।

संसार में अन्याय और मृत्यु

16 यही नहीं, मैंने देखा है कि संसार में न्याय के स्थान में दुष्‍टता होती है, और धार्मिकता के स्थान में भी दुष्‍टता होती है। 17 मैंने अपने मन में कहा, "परमेश्‍वर धर्मी और दुष्‍ट दोनों का न्याय करेगा, क्योंकि प्रत्येक बात और प्रत्येक कार्य का एक समय होता है।" 18 मनुष्यों के विषय में मैंने अपने मन में सोचा कि परमेश्‍वर उन्हें जाँचता है जिससे वे जान लें कि वे पशु-समान हैं। 19 मनुष्यों और पशुओं का अंत तो एक जैसा ही होता है। जैसे एक मरता है वैसे ही दूसरा भी मरता है। उन सब में एक ही श्‍वास है, तथा मनुष्य किसी बात में पशु से बढ़कर नहीं। सब कुछ व्यर्थ है। 20 सब एक ही स्थान को जाते हैं। सब मिट्टी से बने हैं, और सब मिट्टी में फिर मिल जाते हैं। 21 कौन जानता है कि मनुष्यों का प्राण ऊपर की ओर चढ़ता है, और पशुओं का प्राण नीचे की ओर पृथ्वी में समाता है? 22 अतः मैंने देखा कि मनुष्य के लिए इससे अच्छा कुछ भी नहीं कि वह अपने कार्यों में आनंदित रहे, क्योंकि यही उसका भाग है! कौन उसे वापस लाएगा कि वह उन बातों को देख सके जो उसके बाद होंगी?

Veja também

Publicidade
Eclesiastes
Ver todos os capítulos de Eclesiastes
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-