Publicidade

Eclesiastes 2

आनंद का खालीपन

1 मैंने अपने मन से कहा, "चल, मैं सुख-विलास देकर तुझे जाँचूँगा; इसलिए तू आनंद मना।" परंतु देखो, यह भी व्यर्थ है। 2 मैंने हँसी के विषय में कहा, "यह पागलपन है," और सुख-विलास के विषय में, "इससे क्या प्राप्‍त होता है?" 3 मैंने अपने मन में सोचा कि मैं अपनी देह को दाखमधु से कैसे बहलाऊँ और कैसे मेरी बुद्धि बनी रहे; और कैसे मैं मूर्खता को थामे रहूँ, जब तक यह पता न लगा लूँ कि वह अच्छा काम कौन सा है जिसे मनुष्य आकाश के नीचे अपने छोटे से जीवन में कर सकता है।

संपत्ति का खालीपन

4 मैंने बड़े-बड़े काम किए; मैंने अपने लिए घर बनवाए और दाख की बारियाँ लगवाईं। 5 मैंने अपने लिए बाग और बगीचे लगवाए, और उनमें सब प्रकार के फलदाई वृक्ष लगवाए। 6 मैंने अपने लिए तालाब बनवाए कि उनसे उपवन के पौधों की सिंचाई की जाए। 7 मैंने दास और दासियाँ मोल लीं, और मेरे घर में दास भी उत्पन्‍न हुए; और मेरे पास इतने गाय-बैलों और भेड़-बकरियों के झुंड थे, जितने मुझसे पहले यरूशलेम में अन्य किसी के पास नहीं थे। 8 मैंने अपने लिए सोना-चाँदी तथा राजाओं और प्रांतों की संपत्ति का भी संचय किया। मैंने अपने लिए गायक-गायिकाएँ और बहुत सी रखैलियाँ भी रख लीं जिनसे पुरुष सुख पाते हैं। 9 इस प्रकार मैं महान हो गया; और मैं उन सब से अधिक संपन्‍न हो गया जो मुझसे पहले यरूशलेम में हुए थे। मेरी बुद्धि भी मुझमें बनी रही। 10 मेरी आँखों ने जो कुछ चाहा उन सब को प्राप्‍त करने से मैं न रुका; मैंने अपने मन को किसी प्रकार के सुख-विलास से वंचित नहीं रखा। मेरा मन मेरे सब परिश्रम के कारण आनंदित हुआ, और यही मेरे सारे परिश्रम का फल था। 11 तब मैंने अपने हाथों द्वारा किए सब कार्यों पर विचार किया, और उस परिश्रम पर भी विचार किया जो मैंने उन्हें पूरा करने के लिए किया था; और देखो, वे सब व्यर्थ और वायु को पकड़ने के समान हैं, और संसार में उनसे कोई लाभ नहीं।

बुद्धि का महत्व

12 तब मैं मुड़कर बुद्धि, पागलपन और मूर्खता पर विचार करने लगा। वह जो राजा का उत्तराधिकारी होगा, क्या करेगा? केवल वही जो पहले से किया गया है। 13 तब मैंने देखा कि जैसे प्रकाश अंधकार से बढ़कर है, वैसे ही बुद्धि मूर्खता से बढ़कर है। 14 बुद्धिमान की आँखें उसके सिर में होती हैं, परंतु मूर्ख अंधकार में चलता है; फिर भी मैं जानता हूँ कि दोनों का अंत एक जैसा होता है। 15 तब मैंने अपने मन में कहा, "जैसा मूर्ख का अंत होगा, वैसा मेरा भी होगा; फिर मेरे बुद्धिमान होने का क्या लाभ?" अतः मैंने अपने मन में कहा, "यह भी व्यर्थ है।" 16 क्योंकि मूर्ख के समान बुद्धिमान का स्मरण भी सर्वदा बना न रहेगा, और आने वाले दिनों में वे सब भुला दिए जाएँगे। देखो, बुद्धिमान भी मूर्ख के समान ही मरता है! 17 इसलिए मैंने जीवन से घृणा की, क्योंकि जो कार्य संसार में होता है वह मुझे बुरा लगा; वह सब व्यर्थ और वायु को पकड़ने के समान है।

कार्य का खालीपन

18 तब मैंने अपने सारे परिश्रम से जिसे मैंने संसार में किया था घृणा की, क्योंकि मुझे उसका फल उस व्यक्‍ति के लिए छोड़ना पड़ेगा जो मेरे बाद आएगा। 19 कौन जानता है कि वह बुद्धिमान होगा या मूर्ख? फिर भी वह मेरे सारे परिश्रम के फल पर अधिकार रखेगा जिसके लिए मैंने संसार में बुद्धिमानी के साथ परिश्रम किया। यह भी व्यर्थ है। 20 तब मैं अपने मन में उस सारे परिश्रम के विषय निराश हुआ, जो मैंने संसार में किया था। 21 कोई ऐसा भी मनुष्य होता है जो बुद्धिमानी, ज्ञान और निपुणता से परिश्रम करता है, परंतु अपनी सारी संपत्ति ऐसे मनुष्य के लिए छोड़ जाता है जिसने उसके लिए कोई परिश्रम नहीं किया है। यह भी व्यर्थ और बहुत बुरा है। 22 मनुष्य को आखिर अपने सारे परिश्रम और प्रयासों से क्या मिलता है जो वह संसार में करता है? 23 उसके सब दिन तो दुःखों से भरे रहते हैं, और उसका कार्य कष्‍टदायक होता है; यहाँ तक कि रात को भी उसका मन चैन नहीं पाता। यह भी व्यर्थ है।

24 मनुष्य के लिए इससे अच्छा और कुछ नहीं कि वह खाए-पीए और अपने परिश्रम में संतुष्‍टि पाए। मैंने देखा कि यह भी परमेश्‍वर की ओर से मिलता है; 25 क्योंकि उसकी सहायता के बिना कौन खा-पी और आनंद मना सकता है? 26 जिस मनुष्य से वह प्रसन्‍न होता है, उसे वह बुद्धि, ज्ञान और आनंद प्रदान करता है; परंतु पापी को वह धन का संचय करने और उसका ढेर लगाने का कार्य देता है कि उसे उस मनुष्य को दे जो परमेश्‍वर को प्रसन्‍न करता है। यह भी व्यर्थ और वायु को पकड़ने के समान है।

Veja também

Publicidade
Eclesiastes
Ver todos os capítulos de Eclesiastes
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-