Pular para o conteúdo
Publicidade

यहेजकेल 39

1 "हे मनुष्य के पुत्र, गोग के विरुद्ध भविष्यवाणी करके कहो: परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: ‘हे गोग! रोश, मेशेख और तूबल के मुख्य राजकुमार, मैं तुम्हारे विरुद्ध हूं. 2 मैं तुम्हें घूमा दूंगा और साथ में घसीटूंगा. मैं तुम्हें बहुत दूर उत्तर दिशा से लाऊंगा और तुम्हें इस्राएल के पर्वतों के विरुद्ध भेजूंगा. 3 तब मैं तुम्हारे बायें हाथ के धनुष को मारूंगा और तुम्हारे दायें हाथ से तुम्हारे तीरों को गिरा दूंगा. 4 इस्राएल के पर्वतों पर तुम गिरोगे, तुम्हारे साथ तुम्हारी सारी सेना और तुम्हारे साथ की जातियां भी गिरेंगी. मैं तुम्हें भोजन के रूप में सड़ा मांस खानेवाले सब प्रकार के पक्षियों और जंगली जानवरों को दे दूंगा. 5 तुम खुले मैदान में गिरोगे, क्योंकि मैंने कहा है, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. 6 मैं मागोग और उन पर आग भेजूंगा, जो समुद्रतट में सुरक्षा की स्थिति में रहते हैं, और वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.

7 " ‘मैं अपने इस्राएली लोगों के बीच अपने पवित्र नाम को प्रगट करूंगा. मैं अपने पवित्र नाम को फिर अपवित्र होने नहीं दूंगा, और जाति-जाति के लोग जानेंगे कि मैं याहवेह ही इस्राएल में पवित्र हूं. 8 यह आ रहा है! यह निश्चित होकर रहेगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. यह वह दिन है, जिसके बारे में मैंने कहा है.

9 " ‘तब जो इस्राएल नगरों में निवास करते हैं, वे बाहर जाएंगे और हथियारों का प्रयोग ईंधन के लिये करेंगे और उन्हें जला देंगे—छोटी और बड़ी ढाल, धनुष एवं तीर, युद्ध की गदा और बर्छी सबको जला देंगे. सात सालों तक वे उनका उपयोग ईंधन के रूप में करेंगे. 10 उन्हें मैदान में लकड़ी जमा करने की या बंजर भूमि से लकड़ी काटने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि वे हथियारों का उपयोग ईंधन के लिये करेंगे. और वे उनको लूटेंगे, जो उनको लूटे थे और उनसे छीनेंगे, जो उनसे छीन लिये थे, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.

11 " ‘उस दिन मैं गोग को इस्राएल में एक कब्रस्थान दूंगा, जो उन लोगों की घाटी में होगा, जो समुद्र के पूर्व की ओर यात्रा करते हैं. यह कब्रस्थान यात्रा करनेवालों का रास्ता रोकेगा, क्योंकि गोग और उसके सब उपद्रवी झुंड को वहां दफना दिया जाएगा. इसलिये इस स्थान को हामोन-गोग39:11 हामोन-गोग गोग का झुंड की घाटी कहा जाएगा.

12 " ‘देश को शुद्ध करने के लिये इस्राएली उन्हें सात माह तक मिट्टी देते रहेंगे, 13 देश के सब लोग उन्हें मिट्टी देंगे, और जिस दिन मैं अपनी महिमा को प्रगट करूंगा, वह उनके लिये एक यादगार दिन होगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. 14 देश को शुद्ध करने के लिये लोगों की लगातार नियुक्ति की जाएगी. वे पूरे देश में फैल जाएंगे और दूसरों के साथ मिलकर वे उन लाशों को मिट्टी देंगे, जो ज़मीन पर पड़ी मिलेंगी.

" ‘सात माह के बाद, वे और विस्तृत खोज करेंगे. 15,16 जब वे देश में से होकर जाएंगे, तब यदि किसी को कोई मनुष्य की हड्डी दिखेगी, तो वह उस हड्डी के बाजू में एक चिन्ह छोड़ देगा, और चिन्ह तब तक रहेगा, जब तक कब्र खोदनेवाले आकर उसे हामोनाह39:15-16 हामोनाह यानी झुंड नामक नगर के निकट, हामोन-गोग की घाटी में मिट्टी न दे दें. और इस प्रकार वे देश को शुद्ध करेंगे.’

17 "हे मनुष्य के पुत्र, परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: सब प्रकार के पक्षी और सब जंगली जानवरों को बुलाओ: ‘सब तरफ से आओ और उस बलिदान के लिये एक जगह जमा हो जाओ, जिसे मैं तुम्हारे लिये तैयार कर रहा हूं. यह इस्राएल के पर्वतों पर महान बलिदान होगा. वहां तुम मांस खाओगे और खून पियोगे. 18 तुम शक्तिशाली लोगों के मांस को खाओगे और पृथ्वी के राजकुमारों का खून ऐसे पियोगे, मानो वे मेढ़े और मेमने, बकरे और बैल हों—जिन्हें बाशान में मोटा-ताजा किया गया हो. 19 जो बलिदान मैं तुम्हारे लिये तैयार कर रहा हूं, उसे खाते-खाते तृप्‍त हो जाओगे और खून को पीते-पीते छक जाओगे. 20 मेरी मेज़ पर घोड़ों और सवारों, शक्तिशाली मनुष्यों और हर प्रकार के सैनिकों को खाकर संतुष्ट हो जाओगे,’ परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.

21 "मैं जाति-जाति के लोगों के बीच अपनी महिमा प्रगट करूंगा, और सारी जातियां उनको दिये गए मेरे दंड और उन पर उठे मेरे हाथ को देखेंगी. 22 उस दिन से आगे इस्राएल के लोग जानेंगे कि मैं याहवेह, उनका परमेश्वर हूं. 23 और जाति-जाति के लोग जानेंगे कि इस्राएली अपने पाप के कारण बंधुआई में चले गये थे, क्योंकि वे मेरे प्रति विश्वासयोग्य नहीं थे. इसलिये मैंने अपना मुंह उनसे छिपा लिया और उन्हें उनके शत्रुओं के अधीन कर दिया, और वे सब तलवार से मारे गए. 24 उनकी अशुद्धता और उनके अपराधों के अनुसार मैंने उनसे व्यवहार किया, और मैंने अपना मुंह उनसे छिपा लिया.

25 "इसलिये परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: अब मैं याकोब की स्थिति को बदलूंगा और इस्राएल के सब लोगों पर कृपा करूंगा, और मैं अपने पवित्र नाम के लिये उत्साही रहूंगा. 26 जब वे अपने देश में सुरक्षित रहेंगे और उन्हें कोई भयभीत करनेवाला न होगा, तब वे अपनी लज्जा और मेरे प्रति किए गए सब विश्वासघात को भूल जाएंगे. 27 जब मैं उन्हें विभिन्‍न जाति के लोगों के बीच से वापस ले आऊंगा और उनके शत्रुओं के देश में से लाकर उन्हें इकट्ठा कर लूंगा, तब उनके ज़रिए मैं बहुत सी जनताओं की दृष्टि में पवित्र ठहरूंगा. 28 तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह, उनका परमेश्वर हूं, हालाकि मैंने उन्हें जाति-जाति के लोगों के बीच बंधुआई में जाने दिया था पर मैं उन्हें उनके अपने देश में इकट्ठा करूंगा, और एक को भी पीछे नहीं छोड़ूंगा. 29 मैं फिर कभी उनसे अपना मुंह नहीं छिपाऊंगा, क्योंकि मैं इस्राएल के लोगों पर अपना आत्मा उंडेलूंगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है."

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.