Pular para o conteúdo
Publicidade

Genesis 12

अब्राम का बुलाया जाना

1 अब यहोवा ने अब्राम से कहा, "अपने देश, अपने कुटुंबियों, और अपने पिता के घर को छोड़कर उस देश को चला जा, जो मैं तुझे दिखाऊँगा। 2 मैं तुझसे एक बड़ी जाति बनाऊँगा, और तुझे आशिष दूँगा, और तेरा नाम महान करूँगा, और तू आशिष का कारण होगा। 3 जो तुझे आशीर्वाद देंगे, मैं उन्हें आशिष दूँगा, तथा जो तुझे कोसेगा, मैं उसे शाप दूँगा; और पृथ्वी के सब कुल तुझमें आशिष पाएँगे।"

4 यहोवा के इस वचन के अनुसार अब्राम चल पड़ा, और लूत भी उसके साथ गया। जब अब्राम हारान देश से निकला तब वह पचहत्तर वर्ष का था। 5 अब्राम अपनी पत्‍नी सारै, अपने भतीजे लूत, अपनी सारी धन-संपत्ति जो उन्होंने इकट्ठी की थी, और उन लोगों को जो उन्होंने हारान में प्राप्‍त किए थे, साथ लेकर कनान देश के लिए चल पड़ा; और वे कनान देश में आ गए। 6 अब्राम कनान देश के शकेम में उस स्थान तक पहुँचा जहाँ मोरे का बांजवृक्ष था। उस समय उस देश में कनानी लोग रहते थे। 7 फिर यहोवा ने अब्राम को दर्शन देकर कहा, "यह देश मैं तेरे वंश को दूँगा।" इसलिए उसने वहाँ यहोवा के लिए एक वेदी बनाई, जिसने उसे दर्शन दिया था। 8 फिर वहाँ से आगे बढ़कर वह उस पहाड़ पर आया, जो बेतेल12:8 अर्थात् परमेश्‍वर का घर के पूर्व की ओर है, और अपना तंबू उस स्थान पर खड़ा किया जिसके पश्‍चिम में बेतेल तथा पूर्व में ऐ नगर है। वहाँ भी उसने यहोवा के लिए एक वेदी बनाई और यहोवा से प्रार्थना की। 9 तब अब्राम वहाँ से निकला और नेगेव की ओर आगे बढ़ा।

मिस्र देश में अब्राम

10 अब ऐसा हुआ कि उस देश में अकाल पड़ा; तब अब्राम मिस्र को चला गया कि वहाँ परदेशी होकर रहे, क्योंकि देश में भयंकर अकाल पड़ा था। 11 जब वह मिस्र के निकट पहुँचा तो उसने अपनी पत्‍नी सारै से कहा, "देख, मैं जानता हूँ कि तू एक सुंदर स्‍त्री है; 12 और जब मिस्री तुझे देखेंगे तो कहेंगे, ‘यह उसकी पत्‍नी है,’ फिर वे मुझे तो मार डालेंगे पर तुझे जीवित रहने देंगे। 13 इसलिए यह कहना, ‘मैं उसकी बहन हूँ,’ जिससे तेरे कारण मेरा भला हो, और तेरे कारण मेरा प्राण बच जाए।" 14 फिर ऐसा हुआ कि जब अब्राम मिस्र देश में आया तो मिस्रियों ने देखा कि वह स्‍त्री बहुत सुंदर है। 15 फ़िरौन के अधिकारियों ने उसे देखकर फ़िरौन के सामने उसकी प्रशंसा की; और वह स्‍त्री फ़िरौन के महल में पहुँचाई गई। 16 तब फ़िरौन ने उसके कारण अब्राम के साथ अच्छा व्यवहार किया; और उसे भेड़-बकरियाँ, गाय-बैल, गधे-गधियाँ, दास-दासियाँ, और ऊँट दिए।

17 परंतु यहोवा ने अब्राम की पत्‍नी सारै के कारण फ़िरौन और उसके घराने पर बड़ी-बड़ी विपत्तियाँ डालीं। 18 तब फ़िरौन ने अब्राम को बुलवाकर कहा, "तूने मेरे साथ यह क्या किया? तूने मुझे क्यों नहीं बताया कि वह तेरी पत्‍नी है? 19 तूने यह क्यों कहा कि वह तेरी बहन है? इसी कारण मैंने उसे अपनी पत्‍नी बनाने के लिए लिया था। परंतु देख, अब तू अपनी पत्‍नी को लेकर चला जा।" 20 तब फ़िरौन ने अपने कर्मचारियों को उसके विषय आज्ञा दी; और उन्होंने उसे और उसकी पत्‍नी को, उसकी सारी धन-संपत्ति सहित विदा कर दिया।

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.