Publicidade

Gênesis 20

अब्राहम और अबीमेलेक

1 फिर अब्राहम वहाँ से निकलकर नेगेव प्रदेश की ओर गया, तथा कादेश और शूर के बीच बस गया। जब अब्राहम गरार देश में रह रहा था, 2 तो उसने अपनी पत्‍नी सारा के विषय में कहा कि वह उसकी बहन है। इसलिए गरार के राजा अबीमेलेक ने सारा को बुलवाकर अपने पास रख लिया।

3 परंतु परमेश्‍वर ने रात को स्वप्‍न में अबीमेलेक के पास आकर कहा, "देख, जिस स्‍त्री को तूने रख लिया है उसके कारण तू मर जाएगा, क्योंकि वह विवाहित है।"

4 परंतु अबीमेलेक ने सारा को छुआ भी नहीं था, इसलिए उसने कहा, "हे प्रभु, क्या तू निर्दोष जाति का भी घात करेगा? 5 क्या उस पुरुष ने स्वयं मुझसे नहीं कहा था कि वह उसकी बहन है? और उस स्‍त्री ने भी स्वयं कहा था कि वह उसका भाई है। मैंने तो यह कार्य शुद्ध मन और निष्कपट भाव से किया है।"

6 तब परमेश्‍वर ने स्वप्‍न में उससे कहा, "हाँ, मैं जानता हूँ कि तूने यह शुद्ध मन से किया है, और मैंने तुझे रोक भी रखा था कि तू मेरे विरुद्ध पाप न करे। इसलिए मैंने तुझे उसे छूने भी नहीं दिया। 7 अतः अब तू उस पुरुष की पत्‍नी को उसे लौटा दे, क्योंकि वह नबी है। वह तेरे लिए प्रार्थना करेगा और तू जीवित रहेगा। परंतु यदि तू उसे न लौटाए तो जान ले कि तू और जितने भी तेरे लोग हैं वे सब निश्‍चय ही मर जाएँगे।"

8 अबीमेलेक ने बड़े भोर को उठकर अपने सब सेवकों को बुलाया और उन्हें ये सब बातें बताईं; तब वे लोग बहुत डर गए।

9 फिर अबीमेलेक ने अब्राहम को बुलवाकर उससे कहा, "तूने हमारे साथ यह क्या किया है? मैंने तेरा क्या बिगाड़ा था जो तूने मेरे और मेरे राज्य के ऊपर इतना बड़ा पाप डाल दिया है? तूने मेरे साथ वह काम किया है जो नहीं किया जाना चाहिए था।" 10 फिर अबीमेलेक ने अब्राहम से पूछा, "तूने क्या सोचकर ऐसा काम किया है?"

11 अब्राहम ने उत्तर दिया, "मैंने यह सोचा था कि इस स्थान में परमेश्‍वर का बिलकुल भय नहीं होगा, और ये लोग मेरी पत्‍नी के कारण मुझे मार डालेंगे। 12 इसके अतिरिक्‍त वह सचमुच मेरी बहन है। वह मेरे पिता की बेटी तो है, पर मेरी माता की नहीं; और फिर वह मेरी पत्‍नी बन गई। 13 और ऐसा हुआ कि जब परमेश्‍वर ने मुझे अपने पिता का घर छोड़कर निकलने की आज्ञा दी, तब मैंने उससे कहा, ‘तू मुझ पर इतनी कृपा करना कि हम जहाँ भी जाएँ, तू मेरे विषय में यही कहना कि यह मेरा भाई है।’ "

14 तब अबीमेलेक ने अब्राहम को भेड़-बकरियाँ, गाय-बैल, और दास-दासियाँ भेंट कीं, और उसकी पत्‍नी सारा को भी उसे लौटा दिया। 15 और अबीमेलेक ने कहा, "देख, मेरा देश तेरे सामने है; जहाँ तुझे अच्छा लगे वहाँ बस जा।" 16 फिर उसने सारा से कहा, "देख, मैंने तेरे भाई को चाँदी के एक हज़ार सिक्‍के दिए हैं। यह तेरे लोगों की दृष्‍टि में तेरे निर्दोष होने का प्रमाण है, और तू सब के सामने दोषमुक्‍त ठहरेगी।"

17 तब अब्राहम ने परमेश्‍वर से प्रार्थना की। इस पर परमेश्‍वर ने अबीमेलेक, और उसकी पत्‍नी तथा दासियों को स्वस्थ किया जिससे उनके संतानें उत्पन्‍न होने लगीं, 18 क्योंकि यहोवा ने अब्राहम की पत्‍नी सारा के कारण अबीमेलेक के घर की सब स्‍त्रियों की कोख बंद कर दी थी।

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-