Pular para o conteúdo
Publicidade

Leviticus 24

पवित्रस्थान में दीवट और रोटी

1 फिर यहोवा ने मूसा से कहा, 2 "इस्राएलियों को आज्ञा दे कि वे प्रकाश के लिए तेरे पास जैतून का कूटकर निकाला हुआ शुद्ध तेल लाएँ, जिससे दीपक सदा जलता रहे। 3 हारून उसे मिलापवाले तंबू में साक्षीपत्र के बीचवाले परदे के बाहर यहोवा के सामने साँझ से भोर तक निरंतर सजाकर रखे। यह तुम्हारी पीढ़ी-पीढ़ी में सदा की विधि ठहरे। 4 वह दीपकों को शुद्ध सोने की दीवट पर यहोवा के सामने निरंतर सजाया करे।

5 "तू मैदा लेकर बारह रोटियाँ पकवाना, प्रत्येक रोटी में एपा का दो दहाई भाग मैदा हो। 6 तू उन्हें यहोवा के सामने छः-छः की दो पंक्‍तियों में शुद्ध सोने की मेज पर रखना। 7 तू प्रत्येक पंक्‍ति पर शुद्ध लोबान रखना ताकि यह रोटी का एक स्मरण दिलानेवाला भाग और यहोवा को चढ़ाई जानेवाली अग्‍निबलि ठहरे। 8 हारून प्रत्येक विश्रामदिन में उस रोटी को यहोवा के सामने निरंतर सजाकर रखे, यह इस्राएलियों के लिए सदा की वाचा है। 9 वह हारून और उसके पुत्रों के लिए होगी, और वे उसे किसी पवित्र स्थान में खाएँ, क्योंकि वह यहोवा की अग्‍निबलियों में से सदा की विधि के अनुसार हारून का परमपवित्र भाग ठहरेगी।"

ईशनिंदक को मृत्यु-दंड

10 अब किसी इस्राएली स्‍त्री का बेटा, जिसका पिता मिस्री था, इस्राएलियों के बीच गया। तब छावनी में इस्राएली स्‍त्री का बेटा और एक इस्राएली पुरुष आपस में लड़ने लगे, 11 और वह इस्राएली स्‍त्री का बेटा यहोवा के नाम की निंदा करके शाप देने लगा। तब लोग उसे मूसा के पास ले आए। उसकी माता का नाम शलोमीत था, जो दान के गोत्र के दिब्री की बेटी थी। 12 उन्होंने उसे तब तक कैद करके रख लिया जब तक कि उसके विषय में यहोवा की इच्छा उन पर प्रकट न हो जाए।

13 तब यहोवा ने मूसा से कहा, 14 "शाप देनेवाले को छावनी से बाहर ले जाओ, और जिन लोगों ने उसे शाप देते हुए सुना था वे सब अपने हाथ उसके सिर पर रखें, और सारी मंडली के लोग उस पर पथराव करें। 15 तू इस्राएलियों से कह कि जो कोई अपने परमेश्‍वर को शाप दे उसे अपने पाप का दंड भोगना पड़ेगा। 16 यहोवा के नाम की निंदा करनेवाला अवश्य मार डाला जाए; सारी मंडली के लोग निश्‍चय उस पर पथराव करें। चाहे वह देशवासी हो या परदेशी, यदि कोई यहोवा के नाम की निंदा करे तो वह मार डाला जाए।

17 "फिर जो कोई किसी मनुष्य का प्राण ले ले, वह निश्‍चय मार डाला जाए। 18 जो कोई किसी पशु का प्राण ले ले, वह उसकी क्षतिपूर्ति करे, अर्थात् प्राणी के बदले प्राणी दे।

19 "फिर यदि कोई किसी व्यक्‍ति को चोट पहुँचाए, तो जैसा उसने किया हो वैसा ही उसके साथ भी किया जाए, 20 अर्थात् अंग-भंग के बदले अंग-भंग, आँख के बदले आँख, दाँत के बदले दाँत, जैसी चोट जिसने किसी को पहुँचाई हो उसे भी वैसी चोट पहुँचाई जाए। 21 जो किसी पशु को मार डाले वह उसकी क्षतिपूर्ति करे, परंतु जो किसी मनुष्य को मार डाले उसे मार डाला जाए। 22 देशवासी तथा परदेशी के लिए तुम्हारा नियम एक समान हो। मैं तुम्हारा परमेश्‍वर यहोवा हूँ।" 23 जब मूसा इस्राएलियों से यह सब कह चुका, तो उन्होंने उस शाप देनेवाले को छावनी से बाहर ले जाकर उस पर पथराव किया। अतः जैसे यहोवा ने मूसा को आज्ञा दी थी, इस्राएलियों ने वैसे ही किया।

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.