परमेश्वर हमारी ओर
यात्रा का गीत : दाऊद का भजन।
1 इस्राएल यह कहे कि
यदि यहोवा हमारी ओर न होता,
2 हाँ, यदि यहोवा उस समय हमारी ओर न होता,
जब शत्रुओं ने हम पर चढ़ाई की,
3 तो वे हमें उसी समय जीवित निगल जाते,
जब उनका क्रोध हम पर भड़का था।
4 तब जल हमें डुबा देता,
और जल-धारा हमें बहा ले जाती;
5 हाँ, हम उसी समय उमड़ती
जल-धाराओं में बह जाते।
6 यहोवा धन्य है,
जिसने हमें शत्रुओं का शिकार होने नहीं दिया।
7 पक्षी के समान हमारा प्राण बहेलिए के जाल से छूट गया;
उसका जाल फट गया,
और हम बच निकले।
8 हमारी सहायता यहोवा के नाम में है,
जो आकाश और पृथ्वी का कर्ता है।