परमेश्वर में सुरक्षा
संगीत निर्देशक के लिए। तारवाले वाद्य-यंत्रों के साथ दाऊद का भजन।
1 हे परमेश्वर, मेरी पुकार सुन,
मेरी प्रार्थना पर ध्यान दे।
2 मूर्च्छित होते समय मैं पृथ्वी की छोर से तुझे पुकारूँगा;
मुझे उस चट्टान पर ले चल जो मेरे लिए ऊँची है।
3 तू ही मेरा शरणस्थान रहा है,
और शत्रु के विरुद्ध एक दृढ़ गढ़ ठहरा है।
4 मैं सर्वदा तेरे तंबू में वास करूँगा
और तेरे पंखों की ओट में शरण लिए रहूँगा। सेला।
5 हे परमेश्वर तूने मेरी मन्नतें सुनी हैं;
तूने मुझे वैसा ही भाग दिया है
जैसा तू अपने नाम का भय माननेवालों को देता है।
6 तू राजा की आयु को बहुत बढ़ा;
उसके वर्ष कई पीढ़ियों के तुल्य हों।
7 वह परमेश्वर के सम्मुख सर्वदा बना रहे।
तू उसकी रक्षा करने के लिए करुणा और सच्चाई को ठहरा।
8 तब मैं प्रतिदिन अपनी मन्नतें पूरी करते हुए
सर्वदा तेरे नाम का भजन गाऊँगा।