1 संकट के दिन यहोवा तेरी सुन ले!
याकूब के परमेश्वर का नाम तेरी रक्षा करे!
2 वह पवित्रस्थान से तेरी सहायता करे,
और सिय्योन से तुझे सहारा दे।
3 वह तेरी सब अन्नबलियों को स्मरण करे,
और तेरी होमबलि को ग्रहण करे। सेला।
4 वह तेरे मन की इच्छा को पूरी करे,
और तेरी सब योजनाओं को सफल करे।
5 तेरी विजय के कारण हम ऊँचे स्वर से
हर्षित होकर गाएँगे,
और अपने परमेश्वर के नाम का झंडा फहराएँगे।
यहोवा तेरी सब विनतियाँ पूरी करे!
6 अब मैं जान गया हूँ कि यहोवा अपने अभिषिक्त का उद्धार करता है।
वह अपने दाहिने हाथ के उद्धार करनेवाले पराक्रम के द्वारा
अपने पवित्र स्वर्ग से उसे उत्तर देगा।
7 किसी को रथों पर,
तो किसी को घोड़ों पर भरोसा है,
परंतु हमारा भरोसा तो अपने परमेश्वर यहोवा के नाम पर ही है।
8 वे झुके और गिर पड़े;
परंतु हम उठे और सीधे खड़े हो गए हैं।
9 हे यहोवा, राजा को बचा ले!
जब हम पुकारें, तो वह हमें उत्तर दे।