छुटकारे के लिए प्रार्थना
संगीत निर्देशक के लिए। दाऊद का भजन।
1 हे यहोवा, कब तक?
क्या तू सदा तक मुझे भूला रहेगा?
तू कब तक अपना मुँह मुझसे छिपाए रहेगा?
2 कब तक मैं अपने मन में व्याकुल रहूँ?
मैं कब तक अपने हृदय में शोकित रहूँ?
कब तक मेरा शत्रु मुझ पर प्रबल होता रहेगा?
3 हे मेरे परमेश्वर यहोवा,
मुझ पर ध्यान दे और मुझे उत्तर दे;
मेरी आँखों में ज्योति चमका,
कहीं ऐसा न हो कि
मैं मृत्यु की नींद में सो जाऊँ।
4 कहीं मेरा शत्रु कहे,
"मैं उस पर प्रबल हुआ हूँ।"
और जब मैं डगमगाने लगूँ
तो मेरे शत्रु मगन हों।
5 परंतु मैंने तो तेरी करुणा पर भरोसा रखा है,
मेरा हृदय तेरे उद्धार के कारण मगन होगा।
6 मैं यहोवा का भजन गाऊँगा,
क्योंकि उसने मेरी भलाई की है।