Pular para o conteúdo
Publicidade

Psalms 66

परमेश्‍वर के सामर्थी कामों के लिए स्तुतिगान

संगीत निर्देशक के लिए। एक गीत। एक भजन।

1 हे सारी पृथ्वी के लोगो,

परमेश्‍वर का जय जयकार करो।

2 उसके नाम की महिमा का भजन गाओ,

स्तुति करते हुए उसकी महिमा करो।

3 परमेश्‍वर से कहो,

"तेरे कार्य क्या ही भययोग्य हैं!

तेरे बड़े सामर्थ्य के कारण तेरे शत्रु

तुझे झुककर प्रणाम करेंगे।

4 सारी पृथ्वी के लोग तुझे दंडवत् करेंगे,

और तेरा भजन गाएँगे;

वे तेरे नाम का भजन गाएँगे।" सेला।

5 आओ और परमेश्‍वर के कार्यों को देखो!

मनुष्यों के प्रति उसके कार्य कैसे अद्भुत हैं!

6 उसने समुद्र को सूखी भूमि में बदल दिया;

उन्होंने महानद को पैदल ही पार किया।

वहाँ हम उसके कारण आनंदित हुए,

7 जो अपने पराक्रम से सदा प्रभुता करता है,

और जिसकी आँखें जाति-जाति पर लगी रहती हैं।

विद्रोही अपने सिर न उठाएँ। सेला।

8 हे देश-देश के लोगो, हमारे परमेश्‍वर को धन्य कहो,

और उसकी स्तुति के गीत सुनाओ,

9 जो हमें जीवित रखता है

और हमारे पैरों को फिसलने नहीं देता।

10 क्योंकि हे परमेश्‍वर, तूने हमें जाँचा है;

तूने हमें चाँदी के समान ताया है।

11 तूने हमें जाल में फँसाया,

और हमारी कमर पर भारी बोझ बाँधा है;

12 तूने हमारे सिरों को घुड़सवारों से कुचलवाया।

हम आग और जल से होकर गए;

परंतु तू हमें निकालकर भरपूरी के स्थान पर ले आया।

13 मैं होमबलि लेकर तेरे भवन में आऊँगा।

मैं तेरे सामने उन मन्‍नतों को पूरी करूँगा,

14 जो संकट के समय मैंने मुँह खोलकर

कही और मानी थीं।

15 मैं तुझे मेढ़ों के बलिदान की सुगंध के साथ

मोटे पशुओं की होमबलि चढ़ाऊँगा;

मैं तेरे लिए बकरों समेत बैल चढ़ाऊँगा। सेला।

16 हे परमेश्‍वर का भय माननेवाले सब लोगो,

आओ और सुनो, मैं बताऊँगा

कि उसने मेरे लिए क्या-क्या किया है।

17 मैंने उसे पुकारा,

और मेरी जीभ ने उसी का गुणगान किया।

18 यदि मैं मन में अनर्थ बात सोचता,

तो प्रभु मेरी न सुनता।

19 परंतु परमेश्‍वर ने तो सुना है;

उसने मेरी प्रार्थना पर ध्यान दिया है।

20 धन्य है परमेश्‍वर, जिसने मेरी प्रार्थना को अनसुना नहीं किया,

और न अपनी करुणा को मुझसे दूर किया है!

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.