Pular para o conteúdo
Publicidade

Psalms 40

धन्यवाद बलि और सहायता के लिए पुकार

संगीत निर्देशक के लिए। दाऊद का भजन।

1 मैं धीरज से यहोवा की प्रतीक्षा करता रहा,

और उसने मेरी ओर झुककर मेरी दुहाई सुनी।

2 उसने मुझे विनाश के गड्‌ढे और दलदल में से निकाला,

और मुझे चट्टान पर खड़ा करके मेरे कदमों को दृढ़ किया है।

3 उसने मेरे मुँह में एक नया गीत डाला है,

जो हमारे परमेश्‍वर की स्तुति का गीत है।

बहुत से लोग यह देखकर भयभीत होंगे,

और यहोवा पर भरोसा रखेंगे।

4 क्या ही धन्य है वह मनुष्य

जो यहोवा पर भरोसा रखता है,

और अभिमानियों तथा झूठ में लीन रहनेवालों की ओर नहीं जाता।

5 हे यहोवा मेरे परमेश्‍वर, जो आश्‍चर्यकर्म और

जो विचार तूने हमारे लिए किए हैं,

वे तो बहुत हैं;

तेरे तुल्य कोई नहीं।

यदि मैं उनके विषय में बताऊँ

और उनकी चर्चा करूँ तो वे इतने हैं

कि उनकी गिनती नहीं हो सकती।

6 मेलबलि और अन्‍नबलि तूने न चाही;

तूने मेरे कान खोदकर खोले हैं।

होमबलि और पापबलि की माँग तूने नहीं की।

7 तब मैंने कहा, "देख, मैं आया हूँ!

पुस्तक में मेरे विषय यही लिखा है।

8 हे मेरे परमेश्‍वर,

मैं तेरी इच्छा पूरी करने से प्रसन्‍न होता हूँ।

तेरी व्यवस्था मेरे हृदय में बसी है।"

9 मैंने बड़ी सभा में धार्मिकता का

शुभ-संदेश सुनाया है,

हे यहोवा, तू तो जानता है

कि मैंने अपने मुँह को बंद नहीं रखा।

10 मैंने तेरी धार्मिकता को

अपने मन में छिपाए नहीं रखा;

मैंने तेरी सच्‍चाई और तेरे उद्धार की चर्चा की है।

मैंने तेरी करुणा और तेरी सच्‍चाई को

बड़ी सभा से छिपाए नहीं रखा।

11 हे यहोवा, तू मुझे अपनी दया से वंचित न कर;

तेरी करुणा और तेरी सच्‍चाई से निरंतर मेरी रक्षा होती रहे।

12 क्योंकि अनगिनित बुराइयों ने मुझे घेर लिया है;

मेरे अधर्मों ने मुझे ऐसा पकड़ लिया है

कि मैं देख नहीं सकता।

वे गिनती में मेरे सिर के बालों से कहीं बढ़कर हैं,

इसलिए मेरा हृदय टूट गया है।

13 हे यहोवा, कृपा करके मुझे छुड़ा ले!

हे यहोवा, मेरी सहायता के लिए शीघ्र आ!

14 जो मेरे जीवन को नाश करने की खोज में हैं,

वे सब लज्‍जित और निराश हों;

और जो मेरी हानि से प्रसन्‍न होते हैं,

वे पीछे हटाए और अपमानित किए जाएँ।

15 जो मुझसे "आहा, आहा," कहते हैं,

वे अपनी लज्‍जा के कारण विस्मित हों।

16 जितने तुझे खोजते हैं

वे सब तुझमें आनंदित और मगन हों;

जितने तेरे उद्धार को प्रिय जानते हैं,

वे सब निरंतर कहें, "यहोवा की बड़ाई हो!"

17 मैं तो दीन और दरिद्र हूँ,

फिर भी प्रभु का ध्यान मुझ पर लगा रहता है।

तू मेरा सहायक और मेरा छुड़ानेवाला है;

हे मेरे परमेश्‍वर, विलंब न कर।

Estes versículos te tocaram? Ore agora!

+581 estão orando agora.

Junte-se à corrente de oração.