Publicidade

Salmos 122

आराधना के लिए यात्रियों का गीत. दावीद की रचना.

1 जब यात्रियों ने मेरे सामने यह प्रस्ताव रखा,

"चलो, याहवेह के आवास को चलें," मैं अत्यंत उल्‍लसित हुआ.

2 येरूशलेम, हम तुम्हारे द्वार पर

खड़े हुए हैं.

3 येरूशलेम उस नगर के समान निर्मित है,

जो संगठित रूप में बसा हुआ है.

4 यही है वह स्थान, जहां विभिन्‍न कुल,

याहवेह के कुल,

याहवेह के नाम के प्रति आभार प्रदर्शित करने के लिए जाया करते हैं

जैसा कि उन्हें आदेश दिया गया था.

5 यहीं न्याय-सिंहासन स्थापित हैं,

दावीद के वंश के सिंहासन.

6 येरूशलेम की शांति के निमित्त यह प्रार्थना की जाए:

"समृद्ध हों वे, जिन्हें तुझसे प्रेम है.

7 तुम्हारी प्राचीरों की सीमा के भीतर शांति व्याप्‍त रहे

तथा तुम्हारे राजमहलों में तुम्हारे लिए सुरक्षा बनी रहें."

8 अपने भाइयों और मित्रों के निमित्त मेरी यही कामना है,

"तुम्हारे मध्य शांति स्थिर रहे."

9 याहवेह, हमारे परमेश्वर के भवन के निमित्त,

मैं तुम्हारी समृद्धि की अभिलाषा करता हूं.

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-