Publicidade

Salmos 8

संगीत निर्देशक के लिये. गित्तीथ पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.

1 याहवेह, हमारे प्रभु,

समस्त पृथ्वी पर कितना तेजमय है आपका नाम!

स्वर्ग पर आपने

अपने वैभव को प्रदर्शित किया है.

2 आपने अपने शत्रुओं के कारण बालकों एवं शिशुओं

के मुख से अपना बल बसा लिया,

कि आपके विरोधियों तथा शत्रु का अंत हो जाए.

3 जब मैं आपकी उंगलियों,

द्वारा रचा आकाश,

चंद्रमा और नक्षत्रों को,

जिन्हें आपने यथास्थान पर स्थापित किया, देखता हूं,

4 तब मैं विचार करता हूं: मनुष्य है ही क्या, कि आप उसकी ओर ध्यान दें?

क्या विशेषता है मानव में कि आप उसके विषय में विचार भी करें?

5 आपने मनुष्य को सम्मान और वैभव का मुकुट पहनाया,

क्योंकि आपने उसे स्वर्गदूतों से थोड़ा ही कम बनाया है.

6 आपने उसे अपनी सृष्टि का प्रशासक बनाया;

आपने सभी कुछ उसके अधिकार में दे दिया:

7 भेड़-बकरी, गाय-बैल,

तथा वन्य पशु,

8 आकाश के पक्षी,

एवं समुद्र की मछलियां,

तथा समुद्री धाराओं में चलते फिरते सभी जलचर भी.

9 याहवेह, हमारे प्रभु,

समस्त पृथ्वी पर कितना तेजमय है आपका नाम!

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-