Publicidade

Salmos 70

संगीत निर्देशक के लिये. दावीद की रचना. अभ्यर्थना.

1 हे परमेश्वर, कृपा कर मुझे उद्धार प्रदान कीजिए;

याहवेह, तुरंत मेरी सहायता कीजिए.

2 वे, जो मेरे प्राणों के प्यासे हैं,

लज्जित और निराश किए जाएं;

वे जिनका आनंद मेरी पीड़ा में है,

पीठ दिखाकर भागें तथा अपमानित किए जाएं.

3 वे सभी, जो मेरी स्थिति को देख, "आहा! आहा!" करते हैं!

लज्जा में अपना मुख छिपा लें.

4 किंतु वे सभी, जो आपकी खोज करते हैं

हर्षोल्लास में मगन हों;

वे सभी, जिन्हें आपके उद्धार की आकांक्षा है, यही कहें,

"अति महान हैं परमेश्वर!"

5 मैं दरिद्र और दुःखी पुरुष हूं;

परमेश्वर, मेरी सहायता के लिए विलंब न कीजिए.

आप ही मेरे सहायक और छुड़ानेवाले हैं;

याहवेह, विलंब न कीजिए.

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-