Publicidade

Salmos 99

1 याहवेह शासक हैं,

राष्ट्र कांपते रहें;

उन्होंने अपना आसन करूबों के मध्य स्थापित किया है,

पृथ्वी कांप जाए.

2 ज़ियोन में याहवेह तेजस्वी हैं;

वह समस्त राष्ट्रों के ऊपर बसे हैं.

3 उपयुक्त है उनका आपके महान और भय-योग्य नाम की वंदना करना—

पवित्र हैं वह.

4 राजा शक्ति-सम्पन्‍न हैं, वह जो न्याय को प्रिय मानता है,

उन्होंने इस्राएल में समता की स्थापना की है;

जो न्याय संगत और उचित है.

5 याहवेह, हमारे परमेश्वर की महिमा की जाए,

उनके चरणों में गिर आराधना की जाए;

वह पवित्र हैं.

6 मोशेह और अहरोन उनके पुरोहित थे,

शमुएल उनके आराधक थे;

ये सभी याहवेह को पुकारते थे

और वह उन्हें उत्तर देते थे.

7 मेघ-स्तंभ में से याहवेह ने उनसे वार्तालाप किया;

उन्होंने उनके अधिनियमों तथा उनके द्वारा सौंपे गए आदेशों का पालन किया.

8 याहवेह, हमारे परमेश्वर,

आप उन्हें उत्तर देते थे;

इस्राएल के लिए आप क्षमा शील परमेश्वर रहे,

यद्यपि आप उनके अपराधों का दंड देते रहे.

9 याहवेह, हमारे परमेश्वर की महिमा को ऊंचा करो,

उनके पवित्र पर्वत पर उनकी आराधना करो,

क्योंकि पवित्र हैं हमारे याहवेह परमेश्वर.

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-16_18-40-07-