Publicidade

Salmos 46

संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. अलामोथ धुन पर आधारित. एक गीत.

1 परमेश्वर हमारे आश्रय-स्थल एवं शक्ति हैं,

संकट की स्थिति में सदैव उपलब्ध सहायक.

2 तब हम भयभीत न होंगे, चाहे पृथ्वी विस्थापित हो जाए,

चाहे पर्वत महासागर के गर्भ में जा पड़ें,

3 हां, तब भी जब समुद्र गरजना करते हुए फेन उठाने लगें

और पर्वत इस उत्तेजना के कारण थर्रा जाएं.

4 परमेश्वर के नगर में एक नदी है, जिसकी जलधारा में इस नगर का उल्लास है,

यह नगर वह पवित्र स्थान है, जहां सर्वोच्च परमेश्वर निवास करते हैं.

5 परमेश्वर इस नगर में निवास करते हैं, इस नगर की क्षति न होगी;

हर एक अरुणोदय में उसके लिए परमेश्वर की सहायता मिलती रहेगी.

6 राष्ट्रों में खलबली मची हुई है, राज्य के लोग डगमगाने लगे;

परमेश्वर के एक आह्वान पर, पृथ्वी पिघल जाती है.

7 सर्वशक्तिमान याहवेह हमारे पक्ष में हैं;

याकोब के परमेश्वर में हमारी सुरक्षा है.

8 यहां आकर याहवेह के कार्यों पर विचार करो,

पृथ्वी पर उन्होंने कैसा विध्वंस किया है.

9 उन्हीं के आदेश से पृथ्वी के छोर तक

युद्ध थम जाते हैं.

वही धनुष को भंग और भाले को टुकड़े-टुकड़े कर देते हैं;

वह रथों को अग्नि में भस्म कर देते हैं.

10 परमेश्वर कहते हैं, "समस्त प्रयास छोड़कर यह समझ लो कि परमेश्वर मैं हूं;

समस्त राष्ट्रों में मेरी महिमा होगी,

समस्त पृथ्वी पर मेरी महिमा होगी."

11 सर्वशक्तिमान याहवेह हमारे पक्ष में हैं;

याकोब के परमेश्वर में हमारी सुरक्षा है.

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-