Publicidade

Salmos 28

दावीद की रचना

1 याहवेह, मैं आपको पुकार रहा हूं;

आप मेरी सुरक्षा की चट्टान हैं,

मेरी अनसुनी न कीजिए.

कहीं ऐसा न हो कि आपके प्रत्युत्तर न देने पर मैं उनके समान हो जाऊं,

जो मृतक लोक में उतर रहे हैं.

2 जब मैं परम पवित्र स्थान

की ओर अपने हाथ उठाऊं,

जब मैं सहायता के लिए आपको पुकारूं,

तो मेरी पुकार सुन लीजिए.

3 दुष्टों के लिए निर्धारित दंड में मुझे सम्मिलित न कीजिए,

वे अधर्म करते रहते हैं,

पड़ोसियों के साथ उनका वार्तालाप अत्यंत मेल-मिलाप का होता है

किंतु उनके हृदय में उनके लिए बुराई की युक्तियां ही उपजती रहती हैं.

4 उन्हें उनके आचरण के अनुकूल ही प्रतिफल दीजिए,

उन्होंने जो कुछ किया है बुराई की है;

उन्हें उनके सभी कार्यों के अनुरूप दंड दीजिए,

उन्हें वही दंड दीजिए, जिसके वे अधिकारी हैं.

5 क्योंकि याहवेह के महाकार्य का,

याहवेह की कृतियों के लिए ही, उनकी दृष्टि में कोई महत्व नहीं!

याहवेह उन्हें नष्ट कर देंगे,

इस रीति से कि वे कभी उठ न पाएंगे.

6 याहवेह का स्तवन हो,

उन्होंने सहायता के लिए मेरी पुकार सुन ली है.

7 याहवेह मेरा बल एवं मेरी ढाल हैं;

उन पर ही मेरा भरोसा है, उन्होंने मेरी सहायता की है.

मेरा हृदय हर्षोल्लास में उछल रहा है,

मैं अपने गीत के द्वारा उनके लिए आभार व्यक्त करूंगा.

8 याहवेह अपनी प्रजा का बल हैं,

अपने अभिषिक्त के लिए उद्धार का दृढ़ गढ़ हैं.

9 आप अपनी मीरास को उद्धार प्रदान कीजिए और उसे आशीष दीजिए;

उनके चरवाहा होकर उन्हें सदा-सर्वदा संभालते रहिए.

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-16_18-40-07-