Publicidade

Salmos 75

संगीत निर्देशक के लिये. "अलतशख़ेथ" धुन पर आधारित. आसफ का एक स्तोत्र. एक गीत.

1 हे परमेश्वर, हम आपकी स्तुति करते हैं,

हम आपकी स्तुति करते हैं क्योंकि आपका नाम हमारे निकट है;

लोग आपके महाकार्य का वर्णन कर रहे हैं.

2 आपका कथन है, "उपयुक्त समय का निर्धारण मैं करता हूं;

निष्पक्ष न्याय भी मेरा ही होता है.

3 जब भूकंप होता है और पृथ्वी के निवासी भयभीत हो कांप उठते हैं,

तब मैं ही हूं, जो पृथ्वी के स्तंभों को दृढतापूर्वक थामे रखता हूं.

4 अहंकारी से मैंने कहा, ‘घमंड न करो,’

और दुष्ट से, ‘अपने सींग ऊंचे न करो,

5 स्वर्ग की ओर सींग उठाने का साहस न करना;

अपना सिर ऊंचा कर बातें न करना.’ "

6 न तो पूर्व से, न पश्चिम से और न ही दक्षिण के वन से,

कोई किसी मनुष्य को ऊंचा कर सकता है.

7 मात्र परमेश्वर ही न्याय करते हैं:

वह किसी को ऊंचा करते हैं और किसी को नीचा.

8 याहवेह के हाथों में एक कटोरा है,

उसमें मसालों से मिली उफनती दाखमधु है;

वह इसे उण्डेलते हैं और पृथ्वी के समस्त दुष्ट

तलछट तक इसका पान करते हैं.

9 मेरी ओर से सर्वदा यही घोषणा होगी;

मैं याकोब के परमेश्वर का गुणगान करूंगा;

10 आप का, जो कहते हैं, "मैं समस्त दुष्टों के सींग काट डालूंगा,

किंतु धर्मियों के सींग ऊंचे किए जाएंगे."

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-