Publicidade

Salmos 61

संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. दावीद की रचना

1 परमेश्वर, मेरे चिल्लाने को सुनिए;

मेरी प्रार्थना पर ध्यान दीजिए.

2 मैं पृथ्वी की छोर से आपको पुकार रहा हूं,

आपको पुकारते-पुकारते मेरा हृदय डूबा जा रहा है;

मुझे उस उच्च, अगम्य चट्टान पर खड़ा कीजिए जिसमें मेरी सुरक्षा है.

3 शत्रुओं के विरुद्ध मेरे लिए आप एक सुदृढ़ स्तंभ,

एक आश्रय-स्थल रहे हैं.

4 मेरी लालसा है कि मैं आपके आश्रय में चिरकाल निवास करूं

और आपके पंखों की छाया में मेरी सुरक्षा रहे.

5 परमेश्वर, आपने मेरी मन्‍नतें सुनी हैं;

आपने मुझे वह सब प्रदान किया है, जो आपके श्रद्धालुओं का निज भाग होता है.

6 आप राजा को आयुष्मान करेंगे,

उनकी आयु के वर्ष अनेक पीढ़ियों के तुल्य हो जाएंगे.

7 परमेश्वर की उपस्थिति में वह सदा-सर्वदा सिंहासन पर विराजमान रहेंगे;

उनकी सुरक्षा के निमित्त आप अपने करुणा-प्रेम एवं सत्य को प्रगट करें.

8 तब मैं आपकी महिमा का गुणगान करूंगा

और दिन-प्रतिदिन अपनी मन्‍नतें पूरी करता रहूंगा.

Veja também

Publicidade
Bíblia Online Bíblia Online

Bíblia Online • Versão: 2026-06-15_21-32-39-